मुरादाबाद में सुमित हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ने शराब के नशे में की हत्या, आरोपी गिरफ्तार | New India Times

आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:

मुरादाबाद में सनसनी फैलाने वाले सुमित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस लाइन मुरादाबाद के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की हत्या उसके ही साथी ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर की थी।

पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी कुमार रणविजय और हाईवे क्षेत्राधिकारी ने संयुक्त रूप से मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक सुमित थाना मूंढापांडे क्षेत्र के गांव गनेशपुर का रहने वाला था।

जांच में सामने आया कि सुमित और उसके परिचित आकाश के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। घटना वाले दिन दोनों युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आकाश ने पास में मौजूद धारदार हथियार से सुमित की गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को हाईवे जीरो पॉइंट के पास सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने सर्विलांस, स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया।

एसपी सिटी कुमार रणविजय ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.