बांसवाड़ा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल 2 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, बांसवाड़ा/जयपुर (राजस्थान), NIT:

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बांसवाड़ा इकाई द्वारा आज प्रभावी कार्रवाई करते हुए श्री सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल नं. 664 एवं श्री जयपाल सिंह, कांस्टेबल नं. 878, पुलिस चौकी छोटी सरवा, पुलिस थाना पाटन, जिला बांसवाड़ा को 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, एसीबी बांसवाड़ा चौकी को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि परिवादी के परिचित का अन्य लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान परिवादी के निजी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, जिसे पुलिस थाना पाटन में जब्त किया गया। परिवादी के परिचित की रिपोर्ट पर थाना पाटन में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसकी जांच पुलिस चौकी छोटी सरवा के हेड कांस्टेबल श्री सुरेन्द्र सिंह के जिम्मे थी।

शिकायत के अनुसार, हेड कांस्टेबल द्वारा परिवादी को वाहन क्षति की उचित राशि दिलाने तथा वाहन सुपुर्द करने से संबंधित फाइल तैयार करने के लिए अपने मुंशी कांस्टेबल श्री जयपाल सिंह के माध्यम से रिश्वत की मांग कर लगातार परेशान किया जा रहा था।

दिनांक 30.01.2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी हेड कांस्टेबल श्री सुरेन्द्र सिंह द्वारा अपनी चौकी के कांस्टेबल श्री जयपाल सिंह के लिए रिश्वत राशि की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान कांस्टेबल श्री जयपाल सिंह ने भी रिश्वत लेने पर अपनी सहमति व्यक्त की।

इसके पश्चात एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के नेतृत्व में एसीबी बांसवाड़ा टीम द्वारा ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी कांस्टेबल श्री जयपाल सिंह को 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके पर उपस्थित हेड कांस्टेबल श्री सुरेन्द्र सिंह से पूछताछ के बाद उनकी संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें भी डिटेन कर लिया गया।

एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस श्री राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ एवं अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है। दोनों आरोपियों के आवासों की तलाशी ली जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article