मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शाहजहांपुर जनपद के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र अंतर्गत पंचायत भवन परिसर में एक नाबालिग युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मिली जानकारी के अनुसार, रावतपुर गांव निवासी कमलेश कुमार (17 वर्ष) का शव शनिवार सुबह उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर पंचायत भवन के पास पड़ा मिला। युवक का सिर खून से लथपथ था, जिससे प्रथम दृष्टया किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक का शव पंचायत भवन परिसर में मिला है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों एवं परिजनों के अनुसार मृतक किशोर एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
