बुरहानपुर में दाऊदी बोहरा समाज द्वारा 3 दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैफी हॉस्पिटल मुंबई के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर में दाऊदी बोहरा समाज द्वारा 3 दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैफी हॉस्पिटल मुंबई के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं | New India Times

ऐतिहासिक नगरी बुरहानपुर में दरगाह-ए-हकीमी प्रबंधन एवं दाऊदी बोहरा समाज द्वारा तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सैफी हॉस्पिटल, मुंबई से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।

अंजुमन-ए-ज़कवी जमात PRO कमेटी के कोऑर्डिनेटर मुल्ला तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर शहर आमिल शेख हैदर भाई साहब जमाली तथा दरगाह कमेटी के प्रबंधक शेख शब्बीर भाई साहब एवं शेख मुस्तुफा भाई उज्जैनी की सादरत में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर दरगाह-ए-हकीमी प्रबंधन एवं मुख्य अतिथियों द्वारा मुंबई से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

बुरहानपुर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में सैफी हॉस्पिटल, मुंबई के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की निःशुल्क जांच की और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में दाऊदी बोहरा समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिसमें पहले दिन लगभग 500 मरीजों ने पंजीयन कराया।

इस कार्यक्रम का आयोजन दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु सैय्यदना डॉ. मुफ़द्दल सैफुद्दीन साहब द्वारा गठित कमेटी उमूर-ए-सेहत के तत्वावधान में किया गया। इसमें बुरहानपुर उमूर-ए-सेहत कमेटी के कोऑर्डिनेटर मोहम्मद मर्चेंट, मंसूर सेवक सहित अन्य सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया।

यह कार्यक्रम सैय्यदना डॉ. मुफ़द्दल सैफुद्दीन साहब के दिशा-निर्देशों पर समाजजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। शिविर का संचालन सैफी हॉस्पिटल, मुंबई एवं अंजुमन-ए-शियातअली के शेख सैफुद्दीन कापसी, मुस्तुफा बुरहानपुरवाला, मोहम्मद भाई टिनवाला एवं शेख मुस्तुफा जावदवाला द्वारा किया गया। शिविर में छोटी-बड़ी सभी बीमारियों की विशेषज्ञ टीम द्वारा बारीकी से जांच की गई।

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन दरगाह-ए-हकीमी के विशेष सहयोग से किया गया, जिसमें बुरहानपुर जिले के साथ-साथ जलगांव, भुसावल, अमलनेर, मलकापुर, खंडवा, धारणी, हरदा, खामगांव, मुंदी, पाचोरा, सावदा और सिरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दाऊदी बोहरा समाजजन शामिल हुए।

शिविर में आए सभी डॉक्टरों, सहयोगियों और दूर-दराज से पहुंचे मरीजों के प्रति दरगाह-ए-हकीमी के उप-प्रबंधक शेख मुस्तुफा भाई उज्जैनी ने आभार व्यक्त किया और सभी के उत्तम स्वास्थ्य के लिए दुआ की।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article