अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर जिले के नवगछिया मद्यनिषेध थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दयालपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास जांच के दौरान पुलिस ने एक अशोक लेलैंड कंपनी के 6 चक्का ट्रक से कुल 872.64 लीटर विदेशी शराब जब्त की।
इस दौरान पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक उत्तर प्रदेश और दूसरा बिहार का निवासी है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹10,46,400 बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में
कायनाम गुलशेर (उम्र 26 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 47, लोनी थाना क्षेत्र, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
विकास कुमार (उम्र 27 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 8, ढोली सकरा थाना क्षेत्र, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार)
शामिल हैं।
यह कार्रवाई नवगछिया मद्यनिषेध थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। ऑपरेशन में मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक राजू कुमार, सहायक अवर निरीक्षक देवानंद मांझी, सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं गृहरक्षक बल के जवान मौजूद थे।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
नवगछिया मद्यनिषेध पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

