मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में “उत्कृष्टता” की सशक्त परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रो. बृजमोहन मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज (बिम्ट्स) द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा एवं प्रश्नमंच प्रतिस्पर्धा ‘बिम्ट्स मेस्ट्रो-2025’ का भव्य एवं सफलतापूर्वक आयोजन सम्पन्न हुआ।
कोरोना महामारी के कारण पांच वर्षों के अंतराल के बाद पुनः आयोजित इस प्रतियोगिता ने जिले के होनहार विद्यार्थियों को ज्ञान, बौद्धिक क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक दक्षता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान किया।
संस्था के जनसंपर्क अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत आर्ट्स, कॉमर्स, जीवविज्ञान एवं गणित संकाय के 1300 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में जिले के नेपानगर, शाहपुर, खकनार एवं बुरहानपुर क्षेत्र के 75 से अधिक शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिससे आयोजन का जिला स्तरीय स्वरूप प्रभावशाली रूप से सामने आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष श्रीमती राखी मिश्रा, उपाध्यक्ष अनिल जैन एवं सचिव अमित मिश्रा द्वारा माँ सरस्वती एवं प्रो.बृजमोहन मिश्रा जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी विशाल गोजरे, प्राचार्य सैय्यद आसिफ अली, डॉ. जैनुद्दीन अली, डॉ. शीतल पाटीदार, अजय ढालवानी, शैलेन्द्र उपाध्याय, राजू पटेल, प्रिन्यु थॉमस, मुकेश पाटील, संतोष मावले, हेमलाल सोलंकी, जयप्रकाश पाटील एवं अमोल काले सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
संस्था संचालक अनिल जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और उत्साह ही सफलता की कुंजी हैं। 12वीं के बाद का समय करियर की दिशा तय करने का होता है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रेरित करती हैं।
संस्था उपाध्यक्ष श्रीमती राखी मिश्रा ने कहा कि “बिम्ट्स मेस्ट्रो का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वास से आगे बढ़ने का अवसर देना है। यह आयोजन जिले के होनहार विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है।
संस्था सचिव अमित मिश्रा ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ‘बिम्ट्स मेस्ट्रो-2025’ ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि यह आयोजन जिले में प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा, बौद्धिक विकास और प्रतिभा प्रोत्साहन की दिशा में एक प्रभावी पहल बन चुका है।
प्रतिस्पर्धा के प्रथम चरण में विषयवार वस्तुनिष्ठ प्रश्नावली के माध्यम से आर्ट्स, बायोलॉजी, मैथ्स एवं कॉमर्स ग्रुप से मेरिट के आधार पर दो-दो श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया गया। द्वितीय चरण में चयनित आठ विद्यार्थियों के मध्य त्रि-स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने विषय ज्ञान, तर्कशक्ति एवं आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रश्नमंच प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप प्रथम पुरस्कार (कॉलिंग टैबलेट फोन), श्रीहरि विष्णु गुप्ता (गणित संकाय), इम्पीरियल एकेडमी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बुरहानपुर, द्वितीय पुरस्कार (विथआउट कॉलिंग टैबलेट फोन), कु. चांदनी शंकरलाल चाकरे (कला संकाय), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लोनी, तृतीय पुरस्कार (स्मार्ट फोन), कु. मानसी हरिओम भावसार (वाणिज्य संकाय), शासकीय गर्ल्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंधीपुरा बुरहानपुर को प्रदान किया गया।
इसी प्रकार सांत्वना पुरस्कारों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया गया। इसके अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार स्वरूप स्मार्ट वॉच प्रदान की गई। इनमें अनेश धन्नालाल सोलंकी शास. सुभाष एक्सीलेंस विद्यालय बुरहानपुर, पूजा किशोर शास. सांदीपनी उ.मा. विद्यालय नावरा, पृथ्वीराज दीपक सागर, कृष्णा संजय ढगे श्री गणेश उ.मा. विद्यालय बुरहानपुर तथा दामिनी प्रविण महाजन शास. उ.मा. विद्यालय सिरपुर शामिल है।
कार्यक्रम एवं प्रश्नमंच का संचालन सोनाली चौधरी, श्वेता बिल्लारे, श्रद्धा काले एवं सलोनी सकवार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
