मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
परासिया पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत थाना रावनवाड़ा (शिवपुरी) की थाना प्रभारी कंचन राजपूत ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम झुर्रमाल में सड़क दुर्घटना हुई है।
पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहाँ राहगीरों ने बताया कि डंपर क्रमांक MP 13 H 4401 का चालक पिछले दो दिनों से अंधेरे में बिना सांकेतिक निशान और बिना पार्किंग/ब्रेक-लाइट जलाए लापरवाही से सड़क पर डंपर खड़ा कर रहा था।
इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक MH 27 AJ 7228 का चालक डंपर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे 108 एम्बुलेंस द्वारा इलाज हेतु जिला अस्पताल छिंदवाड़ा भेजा गया।
प्रार्थी राजकुमार सिंह, निवासी झुर्रे की रिपोर्ट पर डंपर चालक के विरुद्ध थाना रावनवाड़ा (शिवपुरी) में अपराध क्रमांक 264/2025 धारा 285 एवं 125(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मोटरसाइकिल चालक रंजीत पिता भीकम मरावी (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम बिजोरी पठार, थाना तामिया जिला छिंदवाड़ा की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। परिजनों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दे दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में रात के समय कई डंपर बिना ब्रेक-लाइट और संकेतक के सड़क किनारे खड़े हो जाते हैं, जिसके कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएँ हो रही हैं। छिंदवाड़ा से सारणी मार्ग पर चलने वाले कई ट्रकों में भी लाइट नहीं पाई जाती, जिस पर सख्त निगरानी की आवश्यकता है।
