मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव अंतर्गत दमुआ पुलिस थाने में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी कार्य की अधिकता, जिम्मेदारियों तथा विभिन्न परिस्थितियों के कारण अक्सर मानसिक तनाव का सामना करते हैं। इसी उद्देश्य से उन्हें मानसिक रूप से स्वस्थ एवं तनावमुक्त रखने के लिए गृह विभाग द्वारा मानवीय दृष्टिकोण से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्थान, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के समस्त थानों में तनाव मुक्ति एवं ध्यान केंद्र से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दिनांक 21/12/25 को प्रातः 09:00 बजे से 11:15 बजे तक थाना दमुआ परिसर में भी तनाव मुक्ति एवं ध्यान केंद्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से हार्टफुलनेस संस्थान हैदराबाद एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल से जुड़कर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन “हर दिल ध्यान – हर दिन ध्यान” के उद्घोष के साथ किया गया। ध्यान सत्र में थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम सहित थाना दमुआ का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ध्यान एवं मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शांति, एकाग्रता तथा तनाव मुक्ति का अनुभव किया। उपस्थित कर्मचारियों ने इस आयोजन को सराहनीय बताते हुए इसे पुलिस कर्मियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं सकारात्मक पहल बताया।

