युवा प्रतिभाओं के सम्मान से ही देश आगे बढ़ता है: उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल | New India Times

गुलशन परूथी, सागर (मप्र), NIT:

युवा प्रतिभाओं के सम्मान से ही देश आगे बढ़ता है: उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल | New India Times

देश और प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए युवाओं को निरंतर प्रोत्साहन और प्रेरणा देना आवश्यक है। प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं में आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है। यह विचार प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल ने बुंदेलखंड यंग अचीवर्स अवॉर्ड समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
समारोह में बुंदेलखंड एवं सागर जिले की 28 युवा प्रतिभाओं को बुंदेलखंड यंग अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, वहीं 7 विशिष्ट व्यक्तित्वों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।

उपमुख्यमंत्री डॉ. शुक्ल ने कहा कि हम भले ही दो आंखों से देखते हैं, लेकिन समाज हजारों आंखों से हमारे कार्यों को देखता है। बेहतर कार्य करने वाले युवा ही देश को आगे ले जाएंगे। ऐसे गरिमामय मंचों से जब युवाओं के कार्यों की सराहना होती है, तो उनका आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने के बाद यह भावना नहीं आनी चाहिए कि हमसे बेहतर कोई नहीं है। अहंकार व्यक्ति को नीचे की ओर ले जाता है। जिस प्रकार फल से लदा पेड़ झुक जाता है, उसी तरह जीवन में विनम्रता अत्यंत आवश्यक है। सम्मान और उपाधियों के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं।

डॉ. शुक्ल ने कहा कि सागर में स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्य अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। सागर को स्मार्ट सिटी में शामिल कराने में तत्कालीन मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह एवं विधायक शैलेंद्र जैन के महत्वपूर्ण प्रयास रहे हैं। उन्होंने बताया कि सागर नगर का लगभग 20 किलोमीटर लंबा बायपास जनवरी माह तक पूर्ण हो जाएगा, जिससे भोपाल और रीवा जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सागर–दमोह फोरलेन मार्ग को स्वीकृति दिलाने में पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के प्रयास सराहनीय रहे हैं। साथ ही दमोह–कटनी मार्ग को भी फोरलेन बनाने की दिशा में प्रक्रिया प्रगति पर है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केन–बेतवा लिंक परियोजना, फोरलेन सड़कें और औद्योगिक क्षेत्रों का विकास बुंदेलखंड की तस्वीर बदल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम अध्यक्ष का संबोधन

समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल एक आदर्श और दूरदर्शी राजनेता हैं। उनके नेतृत्व में रीवा का अभूतपूर्व विकास हुआ है। एशिया का सबसे बड़ा सोलर ऊर्जा संयंत्र, एयरपोर्ट, हाईवे नेटवर्क और री-डेंसिफिकेशन योजना इसके उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. शुक्ल जैसे व्यक्तित्व के हाथों से मिलने वाला सम्मान पुरस्कार की गरिमा को और बढ़ा देता है। यह अवॉर्ड आपकी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है, जिससे समाज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।

सम्मानित प्रतिभाएं

इस अवसर पर शिक्षा, खेल, समाजसेवा, पत्रकारिता, व्यवसाय, चिकित्सा, साहित्य और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 28 युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं पूरन सिंह राजपूत, अशोक मिज़ाज, गोविंद सरवैया, सुदेश तिवारी, पूनम–वीरेंद्र पटेल सहित 7 विशिष्ट व्यक्तित्वों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन से हुआ। युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने शिव तांडव स्तोत्र का सस्वर पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र ठाकुर एवं शुभम श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रदर्शन ब्रह्मदत्त दुबे ने किया।

समारोह में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.