मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र पाटीदार ने शुक्रवार को रेणुका पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया।
एसपी श्री देवेंद्र पाटीदार ने परेड की सलामी लेने के बाद प्लाटून-वार निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट की जांच की। बेहतर टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, जबकि कमियों वाले कर्मचारियों को सुधार के लिए समझाइश दी गई। इसके बाद प्लाटून कमांडरों ने अपनी-अपनी प्लाटून को एकल रूप से परेड अभ्यास भी कराया।
पुलिस अधीक्षक ने इस दौरान पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया। परेड का संचालन रक्षित निरीक्षक बुरहानपुर श्री सुनील दीक्षित ने किया। परेड समाप्ति के पश्चात मार्चपास्ट कराया गया।
परेड के उपरांत एसपी श्री पाटीदार ने पुलिस लाइन में दरबार लगाकर अधिकारियों और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका नियम अनुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परेड पुलिस विभाग में अनुशासन की जड़ मानी जाती है, जिससे न केवल अनुशासन बेहतर होता है बल्कि टीमवर्क, शारीरिक क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत होता है।
