आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:
डांट पड़ने से नाराज़ एक छात्र ने मंगलवार सुबह इंटर कॉलेज में अपने शिक्षक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनके कमर पर गहरा घाव होने के कारण लगभग सात टांके लगाए गए। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है।
घटना मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र में स्थित जी. जी. हिंदू इंटर कॉलेज की है। सुबह लगभग 9:24 बजे जब शिक्षक अरुण कुमार त्यागी कॉलेज के मुख्य गेट से अंदर प्रवेश कर रहे थे, तभी पीछे से आए कक्षा 10 के छात्र ने उनके कमर के पास चाकू से वार कर दिया।
हमले की जानकारी मिलते ही कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ और अन्य शिक्षकों ने तुरंत घायल शिक्षक को अस्पताल पहुँचाया।
पुलिस के अनुसार आरोपी छात्र डबल फाटक क्षेत्र का रहने वाला है। एक दिन पहले कक्षा में डांट खाने से वह नाराज़ था, इसी कारण उसने रंजिश में हमला किया।
सदर कोतवाली प्रभारी व बुध बाजार चौकी इंचार्ज ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। CCTV फुटेज में आरोपी की पहचान स्पष्ट हो चुकी है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य कुलदीप बरनवाल ने कहा, “शिक्षक पर प्रवेश गेट पर हमला किया गया है। यह बेहद दुखद घटना है। हम पुलिस से मांग करते हैं कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।”

