अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा (उ.प्र.) का 14वां दीक्षांत समारोह 3 दिसंबर, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2025 में विभिन्न पाठ्यक्रमों की शिक्षा पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय स्थित विशाल ऑडिटोरियम में होने वाले इस समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वर्ष 2025 में आयोजित विभिन्न पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को 21 गोल्ड मेडल, 21 सिल्वर मेडल तथा सेंटर ऑफ डिस्टेंस ऑनलाइन एजुकेशन की 1166 डिग्रियों सहित कुल 5548 उपाधियां प्रदान करेंगे।
कुलपति ने बताया कि उपाधि और पदक वितरण के बाद विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. एच.सी. वर्मा (पूर्व प्रोफेसर, भौतिकी विभाग, IIT कानपुर) तथा सिप्ला हेल्थ लि. मुंबई के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ शिवम पुरी समारोह को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी दीक्षांत भाषण देंगे।
समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल करेंगे।
समारोह की रूपरेखा
कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से होगी। इसके बाद क्रमशः–
• कुलाधिपति द्वारा दीक्षांत समारोह के प्रारंभ की घोषणा
• कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट
• मानद उपाधि प्रदान
• उपाधि प्रमाण पत्र वितरण
• शपथ ग्रहण
• पदक वितरण
• मुख्य अतिथि का दीक्षांत संबोधन
• धन्यवाद ज्ञापन
• कुलाधिपति द्वारा समापन की घोषणा
• राष्ट्रीयगान
• शैक्षिक शोभायात्रा का प्रस्थान।
