मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मुस्कान विशेष अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता को लेकर बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने सीताबाई रामचंद्र देशमुख सांदीपनी विद्यालय, शाहपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
अभियान का उद्देश्य: गुमशुदा बालिकाओं की बरामदगी के साथ-साथ शिक्षा के माध्यम से समाज में बढ़ते अपराधों में कमी लाना है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में मुस्कान विशेष अभियान 1 नवम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक चलाया जा रहा है। इसी के तहत आज दिनांक 12 नवम्बर 2025 को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने स्वयं उपस्थित होकर बच्चों को “गुड टच–बैड टच”, बाल अधिकार, सुरक्षा, साइबर क्राइम से बचाव एवं मदद के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में बच्चों को इस विषय पर एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया। मुस्कान विशेष अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम पूरे माह आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में डीएसपी प्रीतम सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा, संदीप, विद्यालय के प्राचार्य सैयद अतीक़ अली, शिक्षकगण एवं बालक-बालिकाएँ उपस्थित रहे।
बुरहानपुर पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और उन्हें एक सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।

