बिछुआ में 5 माह की मासूम की संदिग्ध मौत, बिना डॉक्टर की पर्ची दवा बेचने पर मेडिकल स्टोर सील | New India Times

आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

बिछुआ नगर में 5 माह की एक शिशु बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई आकस्मिक मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने बिना डॉक्टर की पर्ची के दवा देने वाले मेडिकल स्टोर को तत्काल सील कर दिया है। संदीप मिनोटे, निवासी इंदिरा आवास कॉलोनी बिछुआ, की पुत्री रोही मिनोटे (उम्र 5 माह 2 दिन) का निधन 30 अक्टूबर 2025 को हो गया।

बच्ची पिछले तीन दिनों से बीमार थी और उसे सर्दी-खांसी की शिकायत थी। पिता ने डॉक्टर से इलाज कराने के बजाय बिछुआ स्थित कुरोठे मेडिकल स्टोर से दवा खरीदी थी। बताया गया कि मेडिकल स्टोर संचालक ने बिना किसी डॉक्टर की पर्ची के कासामृत कफ सिरप और अख़बार की कतरनों में लिपटी कुछ दवाइयों की पुड़िया उपचार हेतु दी थीं।

कुल 16 पुड़िया बरामद की गईं, जिनमें 7 में काला चूर्ण और 9 में गुलाबी चूर्ण पाया गया। इन दवाओं के नमूने ड्रग इंस्पेक्टर और जिला आयुष अधिकारी की मौजूदगी में लिए गए और जांच के लिए भोपाल एवं ग्वालियर की प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं।

30 अक्टूबर को जब बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिछुआ लाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव परीक्षण सीएचसी चौरई में किया गया और विसरा जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। घटना के बाद प्रशासन ने सुरेश कुरोठे द्वारा संचालित कुरोठे मेडिकल स्टोर को तत्काल सील कर दिया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article