मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत उमराड़ी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 16 वर्षीय बालिका की 5 दिन पुरानी लाश खेत में बने एक कुएं में मिली।
पुलिस के अनुसार, मृतिका की पहचान सुवंती पिता जंगली अहाके, निवासी ग्राम देसावाड़ी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बिलावर मंडई जाने की बात कहकर घर से अकेली निकली थी, जिसके बाद से लापता थी।
मंगलवार, 28 अक्टूबर की सुबह घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, एएसआई मंगलेश्वर परिहार, तथा आरक्षक संतोष धुर्वे मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने मर्ग क्रमांक 85/25 दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
