रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

पेटलावद-माँ अहिल्या की पावन नगरी पेटलावद में निवासरत पालरेचा परिवार की होनहार बेटी श्रीमती अश्लेषा पालरेचा (मेहता) विदेशी धरती पर न केवल अपने परिवार, बल्कि धर्मसंघ एवं पेटलावद क्षेत्र का भी नाम गौरवान्वित कर रही हैं। योगा के साथ-साथ धर्म के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली अश्लेषा पालरेचा को हाल ही में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) की टीम में मंत्री पद जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अश्लेषा की नियुक्ति उनकी मेहनत, लगन, सेवाभावना, मर्यादित आचरण तथा तेरापंथ धर्मसंघ के मूल्यों के प्रति निष्ठा को ध्यान में रखते हुए की गई है। इस अवसर पर अश्लेषा व उनके पति श्री संकल्प मेहता ने आचार्य श्री महाश्रमण जी के प्रति गहन श्रद्धा व कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ऑस्ट्रेलिया तेरापंथी समाज का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि “विदेशी धरती पर तेरापंथी सभा जैसी बड़ी संस्था में मंत्री पद का दायित्व मिलना हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।” गौरतलब है कि श्रीमती अश्लेषा पालरेचा (मेहता) ने धार्मिक एवं समाजसेवा गतिविधियों के साथ-साथ योगा के क्षेत्र में भी विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। तेरापंथी सभा सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) की नवनियुक्त मंत्री अश्लेषा पालरेचा, स्थानीय निवासी श्री दिलीप जी पालरेचा एवं ज्ञानशाला की प्रमुख प्रशिक्षिका श्रीमती रेखा जी पालरेचा की सुपुत्री हैं। अश्लेषा पालरेचा के तेरापंथी सभा ऑस्ट्रेलिया में मंत्री पद पर मनोनयन होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। इस अवसर पर स्थानीय तेरापंथी सभा, समाजजनों एवं समस्त स्नेहीजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

