अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित हुई। जिसमें 18 मंडलों के मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में जनपद सिद्धार्थनगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं एसोसिएशन के अठारह वर्षों तक जिलाध्यक्ष रह चुके डॉ बलराम त्रिपाठी की नेतृत्व क्षमता को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें बस्ती मण्डल का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
ग्रापए जिला अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि यह हमारे जनपद और हम सभी साथियों के लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है कि बस्ती मंडल के अध्यक्ष हमारे ही जनपद के निवासी हैं। संगठन को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने में उनका पूर्ण सहयोग जरूर मिलता रहेगा। नवनियुक्त मण्डल अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यकारिणी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व के उम्मीदों पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा। शीघ्र ही बस्ती मण्डल की नई कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाते हुए पत्रकारों के हित में कार्य किया जाएगा। किसी साथी के सम्मान पर आंच नहीं आने पायेगा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन इटवा के कार्यालय पर तहसील अध्यक्ष रामपूजन सोनी के नेतृत्व में मनोनीत अध्यक्ष को मिठाई खिलाकर तथा माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर मेंहदी रिजवी, शिव कुमार चौबे, रामपूजन सोनी, शैलेन्द्र कुमार उपाध्याय, प्रमोद कुमार मिश्र, उदयभान सैनी, सज्जन श्रीवास्तव, अमानुल्लाह, रमेश कुमार सहित कई अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
