निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और भाजपा नेतृत्व के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत संपूर्ण उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा इटवा के मंडल खुनियाँव में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा भिलौरी राइस मिल से प्रारंभ होकर मझोवा, खुनियाँव, बहादुरपुर, पचमोहनी चौराहा, मऊ, नागापार होते हुए भिटिया तक निकाली गई। इसका नेतृत्व पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी तथा मंडल अध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने किया।
डॉ. द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा:
“तिरंगा भारत की समृद्धि, सामर्थ्य और सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित तिरंगा यात्रा के माध्यम से भाजपा जन-जन में राष्ट्रभक्ति का भाव बढ़ाने का कार्य कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की शौर्य और सामर्थ्य को पूरी दुनिया के सामने साबित किया है, जो भारतीय सेना के अदम्य साहस और 140 करोड़ देशवासियों के समर्थन से संभव हुआ। आज देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है, और तिरंगा यात्रा इसी एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
डॉ. द्विवेदी ने यह भी कहा कि मोदी सरकार आने के बाद से स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जन-जन का उत्सव बन गए हैं। आज हर घर पर तिरंगा लहराता है और लोग पूरे उत्साह से राष्ट्रीय पर्व मनाते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता हरिशंकर सिंह, चेयरमैन इटवा विकास जायसवाल, चेयरमैन बिस्कोहर अजय गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजेंद्र दूबे, जिला मंत्री कृष्णा मिश्रा, यात्रा संयोजक राजन पाण्डेय, प्रकाश चंद्र चौधरी, सुनील पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

