रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना ने देर शाम पेटलावद के ग्राम पंचायत सातेर मुल्थानिया में चौपाल लेकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये।कलेक्टर को अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत मुल्थानिया में 680 परिवार निवासरत है, शत प्रतिशत समग्र आईडी बना है, 950 सम्बल पंजीयन किये जा चुके हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए समस्याओं के बारे में पूछा। एक ग्रामीण द्वारा नल जल योजना के तहत चार घर छूट जाने के बारे में बताया, वहीं अन्य व्यक्ति द्वारा नवापाड़ा फलिया में नल जल योजना की पहुंच ना होने का बताया गया।

कलेक्टर ने तत्काल सब इंजीनियर को तलब कर जानकारी मांगी साथ ही एसडीएम पेटलावद से तीन सदस्यीय टीम के माध्यम से ग्राम पंचायत की नल जल योजना को कार्यों की जांच कराये जाने हेतु निर्देशित किया। पीएम आवास योजना के तहत घर ना मिलने की समस्या बताए जाने पर, पंचायत की आवास लिस्ट में वेटिंग में होना पाया गया। कलेक्टर ने समस्त ग्रामीणों को बताया कि पीएम आवास योजना के तहत पुनः सर्वे कराया जा रहा है, जिन व्यक्तियों का नाम छूट गया है वे सचिव के माध्यम से सूची में नाम जुड़वा सकते हैं।

चौपाल के दौरान उप स्वास्थ्य केन्द्र सातेर के निर्माण में देरी सम्बन्धी समस्या पाये जाने पर कलेक्टर ने बीएमओ को रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया। सातेर मुल्थानिया ग्राम पंचायत के बड़ा फलिया के 10/12 घरों में बिजली कनेक्शन ना होने की समस्या बतायी गयी, कलेक्टर ने बिजली विभाग से 5 से अधिक छूटे घरों में बिजली के खंबे एवं कनेक्शन किये जाने हेतु हो रहे सर्वे के तहत उक्त बसाहट को लिए जाने के निर्देश दिये।कलेक्टर ने ग्रामीणों से राशन की दुकान एवं खाद्यान्न वितरण के संबंध में समस्या होने के विषय में पूछा गया। समस्या ना होने पर पाये जाने पर उचित मूल्य की दुकान चलाने वाली समूह की मंजु वसुनिया से चर्चा की। आंगनवाड़ी भवन के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर ने सीडीपीओ से जानकारी ली एवं बताया गया कि पंचायत में एक आंगनवाड़ी भवन स्वीकृत होकर निर्माण कार्य निरंतर चल रहा है एवं एक अन्य आंगनवाड़ी भवन हेतु प्रशासकीय स्वीकृत जल्द ही दी जाकर निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।

कलेक्टर ने चौपाल के दौरान बालिकाओं से शिक्षा के महत्व को विस्तृत समझाया और किस प्रकार शिक्षा के द्वारा परिवार एवं समाज को जागरूक बनाया जा सकता है। एक पांचवी कक्षा के छात्र ने कलेक्टर से चर्चा की एवं उसकी स्कूल शा. प्राथमिक विद्यालय मुल्थानिया में प्रतिदिन दाल रोटी मिलने के संबंध में शिकायत की जिस पर कलेक्टर ने बच्चें के आत्मविश्वास के लिए प्रसन्नता व्यक्त की एवं मेन्यू अनुसार भोजन दिया जाना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, संबंधित अधिकारी कर्मचारी, ग्राम पंचायत सरपंच एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

