अतिश दीपंकर, पटना, (बिहार) NIT; ​बैंड, बाजा, बारात और बिना भोज के होगी बिहार के उप मुख्यमंत्री के बेटे की शादी | New India Times

  • 3 दिसंबर को अपराह्न 03 से 05 बजे के बीच पूरी होंगी शादी की रस्में
  • ई-निमंत्रण कार्ड से आमंत्रित किए गए हैं अतिथि 
  • आमंत्रित अतिथियों को शादी के मौके पर प्रसाद स्वरूप दिए जायेंगे 4-4 लड्डू
  • लड्डू के पैकेट में ‘स्वच्छ भारत’ का संदेश-‘ खाली बोतल व डिब्बा डस्टबीन में डालें’
  •  गिफ्ट लाने की मनाही, देहदान-अंगदान और दहेज रहित शादी का ले सकेंगे संकल्प

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के बेटे उत्कर्ष तथागत और कोलकाता निवासी नवलजी केदारनाथ जी वर्मा की सुपुत्री यामिनी की शादी 03 दिसम्बर को अपराह्न 03 से 05 बजे के बीच बिहार वेटनरी काॅलेज के मैदान में बिना दहेज, बैंड, बाजा, बारात, नाच-गाने और भोज के होगी। 
आमंत्रित अथितियों में कई राज्यों के राज्यपाल, केन्द्रीय मंत्रीगण, बिहार सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष, विधान परिषद के उप सभापति, राज्य सरकार के मंत्रीगण आदि ने शादी समारोह में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान की है। 
शादी समारोह में भाग लेने वाले गणमान्य अतिथियों में बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, प. बंगाल के राज्यपाल श्री केशरीनाथ त्रिपाठी, गोवा की श्रीमती मृदुला सिन्हा और मेघालय के श्री गंगा प्रसाद, केन्द्रीय मंत्रियों में वित मंत्री अरुण जेटली, उपभोक्ता व सार्वजनिक वितरण मंत्री राम विलास पासवान, कानून व आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनन्त कुमार, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, साइंस एंड टेक्नोलाॅजी मंत्री हर्ष वर्धन, वित राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, सूक्ष्म लघु व मध्यम उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह, खाद्य व प्रसंस्करण राज्यमंत्री श्रीमती साध्वी निरंजना ज्योति, मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राम कृपाल यादव होंगे। 
बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार, झारखंड के श्री रघुवर दास, मध्यप्रदेश के श्री शिवराज सिंह चैहान, छत्तीसगढ़ के श्री रमण सिंह,  हरियाणा के श्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी शादी में आने की स्वीकृति दी है।​बैंड, बाजा, बारात और बिना भोज के होगी बिहार के उप मुख्यमंत्री के बेटे की शादी | New India Timesशादी के लिए कोई कार्ड नहीं छपवाया गया बल्कि ई-कार्ड से सभी को आमंत्रित किया गया है। पहले ही घोषणा की गई है कि, यह शादी दहेज रहित हो रही है तथा आमंत्रितों को गिफ्ट लाने की मनाही की गई है। अतिथि स्वेच्छा से अंगदान-देहदान के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्था ‘ दधीचि देहदान समिति’ को सहयोग कर सकते हैं। 

आमंत्रित अतिथि दधीचि देहदान समिति और मां वैष्णव देवी सेवा समिति के स्टाॅल पर चक्षुदान, अंगदान तथा बाल विवाह निषेघ व दहेज रहित शादी का संकल्प पत्र भर सकेंगे। 
सभी आमंत्रितों को 4-4 लड्डू प्रसाद स्वरूप तथा पानी ग्रहण संस्कार की पुस्तिका भेंट स्वरूप दी जायेगी। आमंत्रितों के लिए समारोह स्थल पर चाय व पानी के स्टाॅल भी लगाए जायेंगे। 

यह जानकारी शैलेन्द्र कुमार ओझा, आपर सचिव, उपमुख्यमंत्री, बिहार ने दी है

Leave a comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.