अरशद आब्दी / सूरज कुमार, बांदा (यूपी), NIT;
घने कोहरे के चलते बांदा में आज बड़ा हादसा सामने आया है। कोहरे के बीच हमीरपुर से बांदा आ रही रोडवेज बस पैलानी में केन नदी के पुल से नीचे जा गिरी जिससे बस ड्राईवर की मौके पर ही मौत हो गयी और कंडक्टर समेत 6 लोग घायल हो गए, जिसमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपूर रेफर किया गया है। घटना बांदा के पैलानी की है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह हमीरपुर से बांदा आ रही रोडवेज बस नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुये नदी में जा गिरी। इस हादसे में बस ड्राइवर राम नरेश की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि कंडक्टर समेत 6 यात्रियों को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बचा लिया गया। जब यह हादसा हुआ तो नदी के पास सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पा पहुंच कर रेस्क्यू कर घायलों को जसपुरा सीएचसी पहुंचाया, जहाँ से कंडक्टर और एक यात्री की हालत गंभीर होने पर उन्हें बांदा ट्रामा सेंटर भेजा गया। ट्रामा सेंटर से दोनों घायलों को कानपूर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी शालिनी मय फ़ोर्स के घटनास्थल पर पहुंच गयीं और खुद रेस्क्यू कराया। वहीँ स्वास्थ्य विभाग की एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आयी है। घटना के बाद पैलानी पीएससी बंद होने से घायलों को जसपुरा पहुंचाया गया। वहीं इस संबंध में मौके पर पहुंची पुलिस अधीक्षक शालिनी का कहना है कि हादसे की वजह घना कोहरा है, जिसके चलते बस नदी में गिरी और एक की मौत हुयी है।
