कासिम खलील, बुलढाणा (महाराष्ट्र), NIT;
ज़िले में सरकारी अनाज की कालाबाज़ारी को रोकने के लिए ज़िलाधीश चन्द्रशेखर पुलकुंडवार व ज़िला एसपी शशिकुमार मीणा संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं, ताकि ज़िले में पनप रहे राशन माफियाओं पर अंकुश लग सके। बीती रात को बुलढाणा एसडीपीओ बी.बी.महामुनि के दल ने नाका बंदी करते हुए एक मालवाहक वाहन को पकड़ा जिसमें अवैध रूप से शासकीय वितरण प्रणाली का 71 क्विंटल चावल कालाबाज़ारी में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चावल सहित वाहन को जप्त कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक़ गुप्त जानकारी मिलने के बाद बुलढाणा एसडीपीओ बी.बी.महामुनि ने एक टीम गठित किया जिसमें बुलढाणा ग्रामीण के थानेदार अमित वानखड़े सहित पुलिस कर्मी सुधाकर काले, संदीप मिसाल, अरुण सानप, सतीश राठौड व चालक उमेश आखरे का समावेश था। इस दल ने बुलढाणा-अजंता मार्ग स्थित दहिद फाटे पर 18 अगस्त की रात में 10 बजे के करीब नाकाबंदी की तभी बुलढाणा की दिशा से आ रहे मालवाहक वाहन टाटा 407 क्रमांक एमएच-04-डीएस-7207 को रोक कर उसकी तलाशी ली गई जिसमें शासकीय वितरण प्रणाली के 72 कट्टे चावल ले जाए जा रहे थे।
पूछताछ में वाहन चालक व अन्य एक व्यक्ति कोई समाधानकारक उत्तर नहीं दे पाए। पुलिस ने वाहन सहित 3 लाख 36 हज़ार का माल जप्त कर लिया है। बुलढाणा ग्रामीण थाने में आरोपी वाहन चालक शेख युनुस शेख अज़ीज़ 29 वर्ष व अनंत मधुकर सावजी 62 वर्ष दोनों बुलढाणा निवासी के खिलाफ ईसी एक्ट की धारा 3,7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की अधिक जांच थानेदार वानखड़े कर रहे हैं।
