इस्हाक़ मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT

मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिगौड़ी में दो सगी नाबालिग बहनों के बाल विवाह की सूचना पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अमरपाटन एसडीएम डॉ. आरती सिंह के निर्देश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी नागेंद्र प्रताप सिंह त्रिपाठी तथा थाना प्रभारी ताला महेंद्र कुमार मिश्रा ने देर रात मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रुकवाया।
जानकारी के अनुसार, 15 वर्ष और 13 वर्ष की दो नाबालिग बालिकाओं का विवाह कराया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए परिजनों को कानून की जानकारी दी और बाल विवाह के दुष्परिणाम समझाए।
प्रशासन की समझाइश के बाद बालिकाओं के माता-पिता ने विवाह रोकने की सहमति दी और 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले विवाह न कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पंचनामा भी तैयार किया गया तथा परिवार को भविष्य में ऐसी गलती न करने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रशासन की इस तत्परता से एक बड़ा बाल विवाह होने से रोका जा सका।

