अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्जापुर (यूपी), NIT:

चुनार कोतवाली क्षेत्र के जमुई रेलवे लाइन पर एक ग्राम विकास अधिकारी (VDO) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सीतापुर में तैनात 35 वर्षीय रक्षित सिंह के रूप में हुई है, जिनकी ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, डगमगपुर स्टेशन मास्टर ने देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना दी कि जमुई के पास एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। सूचना मिलते ही कजराहट चौकी इंचार्ज सदानंद सिंह पुलिस टीम के साथ रात करीब 2:00 बजे मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस द्वारा आसपास के थानों में सूचना प्रसारित की गई। इसके बाद दोपहर में मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के कोलना निवासी सुनील सिंह चुनार थाने पहुंचे और शव की पहचान अपने पुत्र रक्षित सिंह के रूप में की।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रेलवे लाइन पार करते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

