अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

मथुरा में हाल ही में थार कार से हुई दुर्घटना के बाद बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.), उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
विनोद दीक्षित ने अपने पत्र में बताया कि पिछले कुछ समय से मथुरा सहित पूरे प्रदेश में युवाओं के बीच सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक कार स्टंट करने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। विशेष रूप से थार और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों का उपयोग कर खुलेआम स्टंट किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसे स्टंट के कारण कई निर्दोष लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल होकर स्थायी रूप से विकलांग हो गए हैं। यह स्थिति जनसुरक्षा के साथ-साथ कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि पूरे प्रदेश में “एंटी-स्टंट अभियान” चलाया जाए। साथ ही, सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण जैसे कदम उठाए जाएं।
इसके अलावा, पुलिस और यातायात विभाग को विशेष निर्देश जारी करने, सोशल मीडिया पर स्टंट वीडियो बनाकर प्रचार करने वालों पर निगरानी रखने तथा युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की गई है, ताकि इस तरह की खतरनाक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

