फ़राज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ, बहराइच (यूपी), NIT:

बहराइच के फखरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ गजाधरपुर चौराहे पर तब हुई जब पुलिस और SOG की टीम ने 4 नवंबर को सर्राफा दुकान में हुई चोरी के आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश असलम को पैर में गोली लगी, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा बदमाश पुलिस की घेराबंदी में खदेड़कर पकड़ा गया, जबकि तीसरा बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
तीनों बदमाश एक बाइक पर सवार होकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनकी साजिश नाकाम हो गई। यह घटना फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर चौराहे की है। पुलिस और SOG की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

