आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया के मार्गदर्शन में आज जिले में जनसंख्या स्थिरता माह का शुभारंभ किया गया जिसमें जिले व विकासखंडों की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में जन जागरूकता रैली और कार्यशाला संपन्न हुई। जनसंख्या स्थिरता माह 11 जुलाई से 11 अगस्त 2023 तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चौरसिया ने बताया कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामबाग और सुकलूढाना में जन जागरूकता कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यक्रम में डॉ. चौरसिया द्वारा छोटे परिवार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों के बारे में समझाया गया। डॉ. सुधीर शुक्ला द्वारा पुरुष नसबंदी के बारे में हितग्राहियों से चर्चा कर समझाइश दी गई कि अधिक से अधिक नसबंदी कार्यक्रम में पुरुषों की सहभागिता बहुत जरूरी है। कार्यक्रम में बताया गया कि जिले के विकासखंड एवं जिला स्तर में निश्चित सेवा दिवस में नि:शुल्क नसबंदी सेवाएं दी जाती हैं, पुरुष नसबंदी कराने पर हितग्राही को 3000 रूपये व प्रेरक को 400 रूपये, प्रसव के 7 दिवस के अंदर महिला नसबंदी कराने पर 3000 रूपये व महिला द्वारा एलटीटी नसबंदी कराने पर 2000 रूपये और प्रेरक को 300 रूपये दिये जाते हैं। डॉ. चौरसिया ने हितग्राहियों से अपील की है कि विकासखंडों में लगने वाले निश्चित सेवा दिवस में स्थाई साधन नसबंदी अपनाकर छोटा परिवार रखकर खुशहाल जीवन जिएं। कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुमित मोहबे, जिला स्वास्थ्य मीडिया अधिकारी डॉ.प्रमोद वासनिक, जिला स्वास्थ्य उप मीडिया अधिकारी श्रीमती यशोदा वाघमारे, एपीएम श्रीमती आरती यादव, रघुनाथ वर्मा, विभागीय कर्मचारी व आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
