कपड़ा व्यापारी ने पत्नी सहित खुद को गोली मारकर की थी आत्महत्या, आत्महत्या से पहले का वीडियो हुआ वायरल | New India Times

संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

कपड़ा व्यापारी ने पत्नी सहित खुद को गोली मारकर की थी आत्महत्या, आत्महत्या से पहले का वीडियो हुआ वायरल | New India Times

मध्यप्रदेश के पन्ना निवासी कपड़ा व्यापारी संजय सेठ और उनकी पत्नी मीनू सेठ के द्वारा शनिवार 28 जनवरी को दोपहर में खुद को गोली मारकर आत्महया करने से पहले का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में संजय एक रजिस्टर दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। जिसमें उन लोगों के नाम लिखे हैं जिनसे उन्हें रुपये मिलने थे साथ ही उनके मोबाइल नम्बर तथा राशि का भी उल्लेख है। वीडियो में संजय कह रहे हैं कि उनकी बेटी की शादी अच्छी तरह से की जाए। बेटी की शादी पर होने वाले खर्च के लिए वे अपने और पत्नी के बैंक खातों में राशि जमा होने तथा बैंक के लॉकर में गहने रखे होने की जानकारी देते हुए दिख रहे हैं।
वीडियो में संजय रोते हुए कहते हैं, मैं और मेरी धर्मपत्नी दोनों जा रहे हैं, नहीं जी पा रहे हैं, मेरे बच्चों मुझे माफ़ करना। कपड़ा व्यापारी के इस वीडियो को उनके ही फेसबुक अकाउंट से परिवार के किसी सदस्य ने साझा किया है। साझा किये गए वीडियो में संजय सेठ कह रहे हैं, आप सभी से हाथ जोड़कर निवेदन है मेरे बच्चों के खातिर जो मेरा पैसा है उसे वापिस कर देना। इसके अलावा वीडियो में उन्होंने अपनी देनदारी का भी जिक्र किया है। बागेश्वर धाम सरकार के अनुयायी रहे संजय वीडियो में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के लिए कहते हैं गुरुजी मैं आपका चेला हूँ, माफ करना कमजोर पड़ गया हूं। गुरुदेव शक्तिशाली है, सनातन की अलख जलाते रहना। उन्होंने अपने बच्चों के लिए कहा अपने बड़े मम्मी-पापा की बात मानना। वीडियो में संजय ने सुसाइड करने के पीछे की वजह खुलकर नहीं बताई है।

उल्लेखनीय है कि पन्ना के किशोरगंज मोहल्ला निवासी संजय सेठ और उनकी पत्नी मीनू सेठ ने शनिवार 28 जनवरी को दोपहर में पैतृक घर की पहली मंजिल में स्थित अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके खुद को गोली मार ली थी। सनसनीखेज घटना के समय कमरे के अंदर तेज आवाज में चल रहे टीवी की वजह से घर के भूतल में मौजूद रहे परिजनों को गोली चलने की भनक तक नहीं लगी। दंपत्ति की आत्महत्या की दिल दहलाने वाली खबर आने के बाद पन्ना में शोक की लहर दौड़ गई थी। इस दुखद घटना की खबर आने के कुछ घण्टे बाद आए सेठ दंपत्ति के सुसाइड से पहले के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article