मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने कहा कि अतिशीघ्र निमाड़ सहकारी दुग्ध संघ का गठन किया जाएगा। इस हेतु आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन व बड़वानी चार जिले मिलकर ’निमाड़ सहकारी दुग्ध संघ‘ का गठन किए जाने हेतु प्रस्ताव पास किया जा चुका है। अभी वर्तमान में चार जिलों में लगभग 865 सहकारी समितियां हैं जिनका आज दिनांक में लगभग 1 लाख लीटर दूध कलेक्शन है। उन्होंने कहा कि अलग से “निमाड़ सहकारी दुग्ध संघ” का गठन होने से हम ज्यादा सेेेे ज्यादा समितियां बनाकर दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में वृद्धी कर सकते हैं तथा किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सकती है। इस निर्णय से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का ‘समृद्ध किसान‘ का सपना पूर्ण होने में सहयोगी साबित होगा।
ज्ञात हो कि पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निमाड़ सहकारी दुग्ध संघ का गठन हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं पशु पालन मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल से मांग रखी थी। जिसके परिणाम स्वरूप निमाड़ सहकारी दुग्ध संघ का गठन हेतु प्रस्ताव पास कर आगामी कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जा चुका है। श्रीमती चिटनिस ने बताया कि 4 जनवरी 2022 को मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निमाड़ क्षेत्र में नवीन दुग्ध संघ की स्थापना महासंघ द्वारा स्ववित्तीय आधार पर किए जाने एवं दुग्ध सहकारी समितियों का विस्तार कर अधिकाधिक पशुपालकों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए गए। 28 मार्च 2022 को दुग्ध संघ के संचालक मंडल की आयोजित 178वीं बैठक में निमाड़ सहकारी दुग्ध संघ के गठन का अनुमोदन किया जा चुका है।
