वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में तहसील गोला गोकर्णनाथ सभागार में समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। उक्त गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक खीरी संजीव सुमन के साथ-साथ अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह,मुख्य चिकित्साधिकारी खीरी,उपजिला मजिस्ट्रेट गोला, क्षेत्राधिकारी गोला, क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात, अधिशाषी अभियंता- विघुत वितरण खंड गोला,अधिशाषी अभियंता- लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ खीरी, अग्निशमन अधिकारी गोला/लखीमपुर; नगरपालिका अध्यक्ष गोला, अधिशाषी अधिकारी-नगर पालिका गोला,एलआईयू निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक थाना गोला, प्रभारी यातायात खीरी आदि अधिकारीगण सम्मिलित हुए। गोष्ठी के दौरान श्रावण मास में अत्यधिक संख्या में शिव मंदिर गोला गोकर्णनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराये जाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करके आवश्यक दिशा निर्दश दिए गए। गोष्ठी के दौरान महोदया द्वारा मंदिर परिसर व आवागमन के मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने, यातायात मार्ग पर बैरिकेडिंग कराने, कांवरियों के आने-जाने मार्ग पर वन-वे-प्लान लागू करने,कांवड़ यात्रा एवं मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालन हेतु स्थान चिन्हित करके डायवर्जन प्लान लागू करने तथा भारी वाहनों को प्रतिबंधित रखने हेतु निर्देश दिए गए। रोडवेज बसों को कस्बे के अंदर प्रवेश न कराकर कस्बे से बाहर बनाए जा रहे अस्थायी बस अड्डे से संचालित कराने हेतु निर्देशित किया गया। श्रावण के प्रत्येक सोमवार को सभी स्थानीय विद्यालय बंद रहेगें। संपूर्ण क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाकर उसकी निगरानी की जाए। साथ ही मंदिर परिसर में एकीकृत कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाए जिसमें सभी विभागों के अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहेंगे। श्रावण मेला के पूर्व ही सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाए तथा सभी विभागों को उनसे संबंधित तैयारियां 03 दिवस के अन्दर पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
