गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पैढ़ारकर की सेवायें आज शिविर के माध्यम से जिले के लोगों को मिल रही है। पीड़ित मानवता की सेवा का जो उनका भाव है वंदनीय है।
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र शनिवार को जिला चिकित्सालय दतिया के प्रांगण में कैंसर परामर्श शिविर को संबोधित कर रहे थे। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि यह जिले के लिए सौभाग्य की बात है कि विश्व प्रसिद्ध वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पैढ़ारकर अपनी टीम के साथ उपस्थित होकर अपनी सेवायें दे रहे है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में भगवान के बाद अगर किसी का स्थान है तो वह चिकित्सकों का है। डॉ. पैढ़ारकर जिस भाव से पीड़ित मानवता की सेवा कर रहे है वह वंदनीय है और कैंसर के दुखी रोगियों के उपचार का जो बीड़ा उठाया है वह सराहनीय है। उनके इस कार्य से चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य करने वाले चिकित्सक, नर्सेज, पैरामेडीकल स्टॉफ आदि को सीखने की आवश्यकता है।
गृह मंत्री ने कहा कि डॉ. पैढ़ारकर का यह बडप्पन है कि उनके द्वारा फोन के माध्यम से दतिया में कैंसर रोगियों के परीक्षण एवं उपचार करने की पहल की। इस प्रकार का भाव अन्य चिकित्सकों में भी होना चाहिए।
शिविर को वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पैढ़ारकर ने संबोधित करते हुए कहा कि मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र के प्रयासों से पहली वार 2014 में जिला कैंसर केयर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। जिसके तहत् प्रत्येक जिले में कैंसर के रोगियों के ईलाज हेतु निःशुल्क दवाओं की व्यवस्था की गई जो निरंतर जारी है । उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान मरीजों को जो परेशानी का सामना करना पड़ा अब नहीं करना पड़ेगा। अब प्रतिमाह आयोजित शिविर में उनकी टीम द्वारा सेवायें दी जायेगी। उन्होंने कैंसर के मरीजों से आग्रह करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में मिलने वाली सुविधा का लाभ अवश्य उठायें। दतिया में कीमो थैरपी की सुविधा पुनः शुरू की जायेगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश से प्रेरणा लेकर हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात राज्यों ने भी प्रेरणा लेकर यह कार्यक्रम शुरू किया है।
