वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक खीरी संजीव सुमन के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा निर्वाचन 2022 को निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को इंडो-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी कैम्प, गौरीफंटा में भारत व नेपाल राष्ट्र के पुलिस अधिकारीगण एवं एसएसबी की संयुक्त परस्पर समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। उक्त गोष्ठी में उपसेनानायक एसएसबी, संजय कुमार यादव; पुलिस उपाधीक्षक, एपीएफ नेपाल, देवराज जोशी; निरीक्षक एपीएफ नेपाल, पुष्प राज शर्मा; निरीक्षक एपीएफ नेपाल, प्रेम बहादुर ठकुल्ला, निरीक्षक एसएसबी, पूनम सुरीन; प्रभारी निरीक्षक गौरीफंटा, धर्मेन्द्र कुमार शुक्ला; उ0नि0 एपीएफ नेपाल, देबेन्द्र नाथ आदि अधिकारीगण सम्मिलित हुए। गोष्ठी के दौरान इंडो-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ाकर नियमित रूप से चुस्त व मुस्तैद रूप से चेकिंग कराये जाने, अवैध शराब/अवैध शस्त्रों/नशीले पदार्थ आदि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने आदि विषयों पर विचार विमर्श के पश्चात आवश्यक निर्णय लिए गए। साथ ही दोनों ही राष्ट्रों में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अपराध से जुड़ी सूचनाओं को आपस में साझा करने पर भी निर्णय लिया गया।
