फराज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ, बहराइच (यूपी), NIT:

जनपद में बुखार से पीड़ित मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई इत्यादि का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी, चिकित्सालय के वार्डों, चिल्ड्रेन वार्डों, एल-1(ए), एनआरसी इत्यादि का गहनता से निरीक्षण कर भर्ती मरीजों, तीमारदारों से चिकित्सालय द्वारा उपलब्ध करायी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं इत्यादि की जानकारी प्राप्त करते हुए मौके पर ही चिकित्सालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चिकित्सालय में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है। जिन मरीजों को आक्सीजन की आवश्यकता है इसकी भी यहां पर्याप्त व्यवस्था है। चिकित्सालय में पर्याप्त साफ-सफाई व सोडियम हाइपोक्लोराइड के साथ सेनेटाइज कराने के निर्देश दिये गये। चिकित्सालय में सभी प्रकार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गयीं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि भोजन में हरी सब्जियों की मात्रा बढ़ायी जाये। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि संयम से रहें, अफवाहों पर किसी प्रकार का ध्यान न दें, लगातार चेकप कराते रहें। यदि किसी को बुखार होता है तो संयम से रहें, साफ सुथरा वातावरण तैयार करें, भयभीत न हों, स्वास्थ्य व खान-पान पर विशेष ध्यान दें।
बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार करायें। जनपद में समुचित उपचार के लिए भी चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं साथ ही पर्याप्त मात्रा में दवाओं इत्यादि की उपलब्धता भी सुनिश्चित करायी गयी है। मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो उन्हें समुचित मात्रा में दवाओं इत्यादि की सुविधा मुहैया करायी जाये। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एस.के. सिंह, प्राचार्य मेडिकल कालेज डाॅ. अनिल के. साहनी, सीएमएस डाॅ. ओ.पी. पाण्डेय, चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ़ मौजूद रहा.
