मोहम्मद फहीम, बलरामपुर (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर हेमन्त कुटियाल के निर्देशन में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द मिश्र के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर श्री उदयराज सिंह के नेतृत्व में थाना पचपेड़वा पुलिस टीम द्वारा अवैध चरस के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
28 जनवरी 2021 को प्रभारी निरीक्षक पचपेड़वा राजकुमार सरोज मय पुलिसटीम रात्रि गश्त के दौरान वीरपुर चोरसी चौराहे पर खड़े थे कि दो संदिग्ध (एक पुरूष एवं एक महिला) खड़े दिखाई दिये जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस द्वारा घेरकर दोनों को पकड़ लिया गया। नाम पता पूछने पर पुरूष ने अपना नाम हेमलाल सार्की पुत्र तुलसीराम तथा महिला ने अपना नाम सुनीता कुमारी विश्वकर्मा पत्नी अनिल विश्वकर्मा निवासी नेपाल राष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 03.800 किग्रा चरस बरामद हुआ जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रूपये है। पुछताछ में आरोपियों ने बताये कि चरस नेपाल से दिल्ली ले जाकर बेचते हैं। अभियुक्तगण को अन्तर्गत धारा-8/21 एनडीपीएस एक्ट गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
