अपर निजी सचिव के पति को गोली मारने के बाद रिटायर्ड फौजी ने खुद को भी गोली मार ली, राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े तीन जगहों पर हुई फायरिंग से फैली सनसनी | New India Times

सद्दाम हुसैन, लखनऊ (यूपी), NIT:

अपर निजी सचिव के पति को गोली मारने के बाद रिटायर्ड फौजी ने खुद को भी गोली मार ली, राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े तीन जगहों पर हुई फायरिंग से फैली सनसनी | New India Times

राजधानी लखनऊ में बैखौफ बदमाशों ने आज मंगलवार को दिनदहाड़े तीन स्थानों पर गोलियां चलाकर सनसनी फैला दी। आशियाना थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड फौजी ने जहां अपर निजी सचिव के पति पीडब्ल्यूडी कर्मचारी को गोली मारकर घायल कर दिया बाद में खुद को भी गोली मार ली वहीं दूसरी घटना में राजाजीपुरम कालोनी में अपने विरोधी पर चार राउंड फायरिंग कर अपराधी फरार हो गए जबकि बीकेटी क्षेत्र में एक कार पर फायरिंग की घटना सामने आई, हालांकि पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है।

पहली घटना में आशियाना थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह पीडब्ल्यूडी में लिपिक सर्वेश को गोली मारकर घायल कर दिया गया। सर्वेश पर फायरिंग करने वाले ने नकाब पहन रखा था। गोली सर्वेश के पेट में लगी।
सर्वेश की पत्नी ममता रानी सचिवालय में अपर निजी सचिव हैं। हैरत करने वाली बात यह रही कि बदमाश ने गोली चलाने के पश्चात थाने के समीप पहुंचकर खुद को भी गोली मार ली, पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर ट्रामा सेंटर भर्ती करा दिया है। आशियाना थाना प्रभारी केशव कुमार के अनुसार मूल रूप से बछरावां, रायबरेली के रहने वाले सर्वेश यहां सेक्टर एच में रहते हैं, आज सुबह आफिस जाने के लिए स्कूटी साफ कर रहे थे तभी हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही पत्नी ममता घर से बाहर आई, शोर सुनकर मोहल्ले वाले भी बाहर निकल आए। सर्वेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एसीपी (कैंट) बीनू सिंह के अनुसार आरोपित का नाम शैलेंद्र है जो रिटायर्ड फौजी है। यह भी बताया जा रहा है कि शैलेन्द्र के साथ एक और भी हमलावर था जो मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

अपर निजी सचिव के पति को गोली मारने के बाद रिटायर्ड फौजी ने खुद को भी गोली मार ली, राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े तीन जगहों पर हुई फायरिंग से फैली सनसनी | New India Times

फायरिंग की दूसरी घटना में तालकटोरा थाना क्षेत्र की राजाजीपुरम कालोनी के एमआईएस चौराहे के पास जूस की दुकान पर एक्सयूवी सवारों की कुछ लोगों से नोकझोंक हो गई। दोनों पक्षों ने असलहे निकाल लिए और ताबड़तोड़ फायरिंग की, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पल्सर सवार बदमाशों द्वारा चार राउंड फायरिंग की गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने खुद को घरों के अंदर कैद कर लिया। बताया जा रहा है कि प्रापर्टी डीलर एवं उसके विरोधियों के बीच फायरिंग हुई है। राजाजीपुरम के रहने वाले रंजीत यादव और सत्यम पांडेय को निशाना बनाते हुए बदमाशों द्वारा गोली चलाई गई लेकिन दोनों बाल-बाल बच गए। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली के जवाब में रंजीत यादव द्वारा भी फायर किया गया लेकिन कोई घायल तो नहीं हुआ। ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से इलाके में हड़कम्प मच गया।
फायरिंग की इस घटना में जूस की दुकान चलाने वाला उमेश बाल-बाल बच गया। इंस्पेक्टर तालकटोरा के अनुसार रंजीत यादव और सत्यम पांडेय ठेकेदार हैं साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं। रंजीत यादव के खिलाफ 2018 में जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर गोली चलाने वालों की पहचान की जा रही है।

फायरिंग की तीसरी घटना में सीतापुर रोड पर फौजी ढाबे के आगे कार सवार युवक पर गोली चलाई गई, हमले में युवक के कंधे में लगी गोली, घायलवस्था में मड़ियांव थाने पहुंचे युवक ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मड़ियांव एसओ की सूचना पर बक्शी का तालाब पुलिस मड़ियांव थाने पहुँची। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। कार के बोनट पर कारतूस के खोखे मिले हैं लेकिन पुलिस फिल्हाल घटना को संदिग्ध मान रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article