वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

तिकुनियां कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझरा पूरब के मजरा गांव दुमेडा निवासी 65 वर्षीय बहोरी यादव पुत्र सूरज यादव को बहराइच जनपद के कर्तनिया वन रेंज जंगल में बीते शनिवार को शाम के समय बाघ ने अपना निवाला बना लिया। सूचना पर देर शाम पहुंचे ग्रामीणों ने शव की तलाश की लेकिन घना जंगल होने के कारण जंगल के अंदर जाने का साहस नहीं कर सके इसलिए रविवार सुबह करीब 8:00 बजे ग्रामीणों ने वन विभाग टीम के साथ जंगल पहुंचकर आधा भाग खाए हुए शव को बरामद कर लिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक बहोरी यादव किसान था, उनके तीन बेटे व दो पुत्रियां हैं, उनकी मौत होने की खबर से घर में कोहराम मचा हुआ है तथा ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त हो गई है।
कोतवाली तिकुनियां से करीब 20 किलोमीटर दूर खैरटिया मझरा पूरब बांध रोड पर हाथी व बाघ की आवाजाही रहती है। मृतक के भाई बलराम यादव ने बताया कि शनिवार को बहोरी यादव रोज की तरह अपने जानवरों को जंगल किनारे चरा रहे थे, शाम को घर वापसी के समय घात लगाए बैठे बाघ ने बहोरी यादव पर हमला बोल दिया और जंगल के अंदर करीब 200 मीटर की दूरी तक खींच ले गया तथा आधा शरीर सीने के नीचे का खा गया। जंगल से बहोरी यादव के घुटने के नीचे के पैर बरामद हुए हैं तथा सीने के ऊपर का पूरा भाग बरामद हुआ है, गले पर पकड़कर खींचने का निशान है। देर शाम तक जब बहोरी घर पर नहीं पहुंचे तो घरवालों को चिंता हुई और शाम को ही खोज के लिए ग्रामीण परिजनों के साथ निकल पड़े।ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कर्तनिया वनरेंज के रेंजर तथा तिकुनियां पुलिस को रात में दे दी। रात में बहोरी के शव को खोजना घने जंगल के बीच में मुश्किल था इसलिए सुबह 8:00 बजे वन विभाग तथा ग्रामीणों ने करीब 200 मीटर अंदर जंगल में शव को बरामद कर लिया। प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया शव का पंचनामा करके पीएम को भेजा गया है।
