शाहनवाज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

पुलिस महानिरीक्षक भोपाल जोन योगेश देशमुख एवं डीआईजी भोपाल शहर इरशाद वली द्वारा संगठित अपराधों सहित, सक्रिय गुंडों बदमाशों, अडीबाजी, संपत्ति संबंधी अपराधों, जुआ सट्टा, अवैध शराब के तस्करों, अन्य फरार उदघोषित इनामीं जिलाबदर के आरोपी जो शहर की सीमा में निवास कर रहें हैं एवं अन्य अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पतारसी के संबंध में अभियान चलाकर धरपकड़ कार्यवाही हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में थाना क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार तीन बदमाशों के कब्जे से 05 देशी पिस्टल एवं 04 जिंदा कारतूस बरामद कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरूद्ध अ0क्र0 126/19 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि सलमान नाम का लड़का आमजनता को पिस्टल दिखाने का शौकीन है एवं पिस्टल रखकर घूमने का शौक रखता है इसके साथ साथ इसके द्वारा भोपाल शहर में पिस्टल बेचने का कारोबार भी शुरू किया है। इस काराबोर में इसका साथी इमरान मेनन भी साथ रहता है जो ड्राइवरी करता है। ये लोग जब भी किसी को सप्लाई करने के लिये जाते हैं तो ऐसा सूनसान इलाका ढूंढ लेते हैं जहॉं से आम जनता का आना जाना कम हो। घटनाक्रम के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा सलमान नाम के लड़के की पहचान की गई एवं उसके आने जाने एवं दिनचर्या के संबध में जानकारी एकत्रित की, इस दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि उसके मोबाइल फोन पर टिक-टॉक एप्स में पिस्टल के साथ विडियो/फोटो भी बनाये गये हैं।
घटना क्रम के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली की सलमान अपने दो साथियों के साथ वेटनरी अस्पताल के पीछे, जहॉगीराबाद क्षेत्र में किसी ग्राहक को कट्टे एवं जिंदा कारतूस सप्लाई करने आ रहा है, इनका सौदा हो चुका है जो सप्लाई करने के तुरंत बाद ही रफूचक्कर हो जायेंगे। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से वेटनरी अस्पताल के पीछे गली में सलमान की पहचान होने पर घेराबंदी कर तीनों को दबोचा लिया गया और पूछताछ पर उनके द्वारा अपना सलमान पिता मो0शकील खान, उम्र 25 साल, निवासी म0नं0 8 शान ए फिजा, कोहफिजा भोपाल, इमरान मेनन पिता मो0 आरिफ मेनन, उम्र 24 साल, निवासी म0नं0 20 चटाई पुरा बुधवारा भोपाल एवं निलेश उर्फ निरेश पिता लक्ष्मीनारायण, उम्र 26 साल, निवासी मद्रासी मोहल्ला, टीटीनगर भोपाल का होना बताया। सूचना के आधार पर विधिवत तीनों की तलाशी ली गई जिसमें सलमान के कब्जे दो देशी पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस, इमरान के कब्जे से दो देशी पिस्टल व कारतूस, निलेश उर्फ निरेश के कब्जे से एक देशी पिस्टल मिली। देशी पिस्टल एवं कारतूस के संबंध में कोई कागजात न होने पर आरोपीगणों के विरूद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई।
आरोपीगणों से पूछताछ पर उनके द्वारा बताया गया कि आज से करीब दे साल पहले पांच पिस्टल एवं 4 जिंदा कारतूस कासिम नामक के लडके से खरीदे थे, बिकने के बाद आधा आधा पैसा बांटने की बात तय हुई थी, करीब 7 माह पहले कासिम की रोड एक्सीडेंट में मृत्यु होने के बाद इनके द्वारा पिस्टल छिपा कर रख ली थी और ग्राहक का इंतजार करते थे लेकिन कोई ग्राहक नहीं मिला था इस लिए इतने दिनों तक रखे रहे। आज ग्राहक से बात हो चुकी थी इसलिए बेचने के लिये आये थे, बेचने के बाद जो भी पैसा मिलता वो आपस में आधा-आधा बांट लेते।
