संदीप शुक्ला, ग्वालियर ( मप्र ), NIT;
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से वर्ष 2022 तक ग्वालियर शहर के सभी आवासहीन व्यक्तियों को स्वयं के आवास के सपने को साकार किया जायेगा। इसके लिये नगर निगम द्वारा 7 हजार 992 आवास बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह आवास घर के मुखिया के रूप में महिला सदस्य के नाम से ही आवंटित किए जायेंगे। आवंटन में किसी भी प्रकार की हेरा-फेरी की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से आवंटन के लिये “आधार कार्ड” अनिवार्य किया गया है। गड़बड़ी की स्थिति में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
