यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

बारां-झालावाड़ क्षेत्रा में लगातार हो रही बारिश के कारण एवं जिले में अत्यधिक मानसूनी बरसात को मद्देनजर रखते हुए कोटा बैराज द्वारा चम्बल नदी में छोड़े गए अतिरिक्त पानी के कारण नदी में पानी का जल स्तर 133.50 मीटर तक पहुंच गया है। चम्बल नदी में पानी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जिला कलक्टर नेहा गिरि ने चम्बल नदी का दौरा किया। उन्होंने अधिशाषी अभियन्ता जल संसाधन को निर्देश दिए कि चम्बल नदी में बढ़ते जल स्तर की प्रत्येक घण्टे वाईज रिपोर्ट लें एवं आयुक्त नगर परिषद से सम्पर्क कर चम्बल पुल पर हवा वाली बोट रखवाने व चम्बल में तेज बहाव होने के कारण घड़ियाल कम पानी के बहाव की तरफ अपना रूख करते हैं इसलिए उप वन संरक्षक सामाजिक वानिकी से मिलकर आमजन को एडवाईजरी जारी कराएं। उन्होंने धौलपुर सिंचाई लिफ्ट परियोजना एवं रेल्वे द्वारा बिछाई जाने वाली तीसरी लाईन पर कार्य कर रहे श्रमिक एवं कर्मचारियों को भी चम्बल के किनारे नहीं जाने की सलाह देने के निर्देश दिए। उन्होंने चम्बल नदी के पुराने पुल पर लोगों को आनेजाने से रोकने के लिए पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए। पुलिस जाप्ता के द्वारा चम्बल पुल की कड़ी निगरानी रखी जाए व पानी की सप्लाई के लिए बनाए गए इनटेक बैलों पर भी लोगों को नहीं जाने दिया जाए। इसके साथ ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को चम्बल पर मय हवाई बोट, ट्यूब, रस्सा एवं अन्य जरूरी सामान के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
