एक तो ब्लेड वाले तार, दूजे रास्ता है बेकार, जिम्मेदार बने गैर जिम्मेदार, अब जनता किससे करे मनुहार | New India Times

हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

एक तो ब्लेड वाले तार, दूजे रास्ता है बेकार, जिम्मेदार बने गैर जिम्मेदार, अब जनता किससे करे मनुहार | New India Times

हरगांव से पिपरझला मार्ग पर हरगांव के अति समीप नहर के आगे से कबीरपुर जाने वाला मार्ग क्षेत्रीय जिम्मेदारों की घोर उदासीनता व लापरवाही के चलते अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग पर दुपहिया वाहन से चलने की बात तो अलग है इस पर सायं समय व रात के समय पैदल चलना अपनी जान जोखिम में डालने से कम नहीं है। मार्ग अत्यधिक जर्जर होने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। मार्ग खराब होने के साथ-साथ इस मार्ग के सन्निकट खेत मालिक सड़क से सटाकर प्रतिबन्धित ब्लेड युक्त तार अपनी फसलों की सुरक्षा के लिये लगा रखे हैं, थोड़ी सी चूक में उनमें उलझकर बेजुबान जानवरों के घायल होने के साथ-साथ मनुष्य भी गम्भीर रुप से घायल हो रहे हैं, इन सबके बावजूद प्रशासन के साथ ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधि भी कुम्भकर्णी नीद में सोये हुये हैं। अब ऐसे में यहां के लोग अपनी फरियाद / मनुहार करें तो करें किससे।
अभी बीते दिवस ग्राम कबीरपुर निवासी लगभग 70 वर्षीय बांकेलाल भार्गव पुत्र मंधई अपने 18 वर्षीय पोता रोहितपुत्र ओमप्रकाश के साथ अपने घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के बाद हरगांव से वापस अपने गांव कबीरपुर मोटरसाइकिल से जा रहे थे ऊबड़-खाबड़ पत्थर युक्त मार्ग होने की वजह से पत्थर पर मोटरसाइकिल के चढ़कर फिसल जाने के कारण मोटरसाइकिल से उछलकर पोता रोहित अपने 70 वर्षीय बाबा बांकेलाल भार्गव को लेकर प्रतिबंधित ब्लेड युक्त तारों से रुंधे खेत जा गिरा। गिरने से रोहित का पैर बुरी तरीके से टूट गया और 70 वर्षीय बांकेलाल भार्गव ब्लेड युक्त तारों में फंसकर गम्भीर रूप से घायल हो गये।
परिजनों ने अपने निजी साधन तत्काल इन दोनों गम्भीर रूप से घायलों को लखीमपुर के प्राइवेट नर्सिंग होम नवजीवन नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां पर गम्भीर रूप से घायल दोनों बाबा व पोता का इलाज चल रहा है।
जर्जर मार्ग को लेकर लोगों के आये दिन दुर्घटना के शिकार हो जाने के बाद भी मार्ग के दुरुस्तीकरण व प्रतिबंधित ब्लेड युक्त तारों को हटवाने को लेकर जिला प्रशासन एवं जिम्मेदार जन प्रतिनिधियों के गम्भीर नहीं होने से आमजन में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन सहित जनप्रिय क्षेत्रीय विधायक से प्रतिबंधित ब्लेड युक्त तारों हटवाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के साथ-साथ मार्ग को अविलम्ब दुरुस्त कराने की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.