हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

आगामी लोकसभा निर्वाचन महापर्व में जनता की सक्रिय भागीदारी हेतु आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर अभिभावकों एवं जन समुदाय को प्रेरित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने विजयी छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए। विद्यालय की वार्डन सुनीता भार्गव ने इस मौके पर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अनवर अली ने किया। इस मौके पर भारी संख्या में छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक मौजूद थे। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम मैं उपस्थित जनसमुदाय को मतदान के महत्व से अवगत कराने तथा मतदान दिवस को लोकतंत्र के महान पर्व के रूप में मनाने के लिए, आज केजीबी विद्यालय लहरपुर की मीना मंच की छात्राओं ने लोक नृत्य और अभिनय द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मतदान हेतु प्रेरित किया। इस मौके पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कला का सुंदर चित्रण कर जन समुदाय को मतदान करने तथा दूसरों को प्रेरित करने का संदेश प्रस्तुत किया। छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टरों को चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने विजयी छात्राओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा, कि आगामी लोकसभा निर्वाचन को महा पर्व के रूप में मनाते हुए सबसे पहले मतदान करें, और उसके बाद कोई दूसरा कार्य करें। विद्यालय की शिक्षिका सविता देवी, सुषमा, मनोज कुमारी, प्रियंका, दुरख्शांनूर ने भी लोगों को मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर समाजसेवी अधिवक्ता जेड आर रहमानी हिंदी साहित्य परिषद के संतोष कश्यप, शिक्षक अशोक कुमार अवस्थी, संकुल प्रभारी फुरकान अली, नितिन त्रिवेदी, सेवक राम आदि उपस्थित थे।
