अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
विचार मध्य प्रदेश द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ” विचार मध्य प्रदेश ” और कोका कोला हटाओ समिति द्वारा होशंगाबाद जिले की बाबई तहसील के रायपुर, मढ़ावन, आरी, बज्जर वाड़ा और सांगाखेड़ा गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। क्षेत्रीय लोगों में कोका कोला फैक्ट्री के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला व क्षेत्र के लोग उस विदेशी कंपनी को, जो मां नर्मदा को बर्बाद करने का प्रयास कर रही है, उसे मध्य प्रदेश से भगाने के लिए संकल्पित हैं। उक्त आशय की जानकारी आंदोलन की अगुआई कर रहे श्री अक्षय हुंका ने देते हुए कहा कि कोका कोला कंपनी एक बड़ी फैक्ट्री होशंगाबाद जिले की बाबई तहसील के मोहासा गांव में खोल रही है, इसके खुलने से पूरे प्रदेश पर बुरा असर पड़ेगा क्योंकि एक तरफ तो ये भारी मात्रा में पानी नर्मदा से लेगी और दूसरी तरफ इससे निकलने वाले विषैले रसायन वहां की मिट्टी, जमीन के अंदर का पानी और नर्मदा मैया को दूषित करेगी।
श्री हुंका ने यह भी कहा कि जब एक तरफ 51 में से 45 जिले सूखा प्रभावित घोषित होते हैं और आधे मध्य प्रदेश के पास पीने का पानी तक नहीं है, वहां इतनी भारी मात्रा में नर्मदा के पानी को एक कोल्ड ड्रिंक की कंपनी को देना कहीं से भी जनता और पर्यावरण के हित में नहीं है।
श्री विक्रांत राय ने बताया कि जिले के सभी लोग मिलकर कोका कोला के खिलाफ 4 मार्च को कलेक्टर कार्यालय पीपल चौक पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
आज कार्यक्रम में अक्षय हुंका,विक्रांत राय, अशोक शर्मा,राज प्रकाश मिश्र,प्रदीप नापित,संजय मिश्रा,नरेंद्र सिंह लक्ष्मी नारायण सोनी,मुकेश तिवारी,योगेश साहू, हरीश दुबे,सचिन ऋषेस्वर, ओम देव पटेल आदि शामिल हुये।
