फराज अंसारी, बहराइच (यूपी), NIT;
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भले ही अपराध व अपराधियों पर लगाम कसने के कितने भी दावे क्यों न कर ले लेकिन उसके दावों की पोल खुद उसकी ध्वस्त पुलिसिंग व्यव्यस्था खोलती नज़र आ रही है। दिन प्रतिदिन सराहनीय कार्यो का प्रेस नोट जारी कर वाह-वाही लूटने वाली पुलिस का कार्य कितना सराहनीय है इसका अंदाजा पुलिस थाने के करीब हुए लाखों की चोरी से लगाया जा सकता है। आम तौर पर हमारी मित्र पुलिस बहराइच जिले में चुस्त दुरुस्त और अप्राधियों पर पैनी नज़र रखने का दावा करती है लेकिन उसके दावों के हकीकत उस समय पोल खुल गयी जब पुलिस थाने से महज चंद कदमों के फासले पर ही रात में बुलन्द हौसला चोरों ने दूकान का ताला काट लाखों के माल पर अपना हाथ साफ कर दिया। जिले में अपराधियों के मन में हमारी बहादुर पुलिस का खौफ कितना कायम है इसका अंदाज़ा आप खुद लगा सकते हैं कि रात में मेन सड़क पर ही स्थित ज्वैलरी व बर्तन की दूकान पर हाथ साफ कर रहे चोरों के मन मे चंद कदमों की दूरी पर स्थित थाने की कोई परवाह नहीं थी। घटना के बाद से पुलिस के रात्रि गश्त के दावों की भी पोल खुल गयी है। सुबह हूई तो पुलिस भी जगी, घटना स्थल पर फॉरेंसिक पुलिस वैन के साथ खोजी कुत्ता भी पहुंच गया और अब पुलिस अपराधियों को जल्द ही पकड़ने की दुहाई दे रही है। सवाल यह उठता है कि जब पुलिस थानों के आसपास हौसला बुलन्द चोर इन वारदातों को अंजाम देने में सफल हो जा रहे हैं और जब पुलिस थानों के पास आम जनता सुरक्षित नहीं है तो फिर जिले के दूर-दराज इलाकों में रहने वाली आम जनता की सुरक्षा की बात ही क्या है। ऐसा लगता है कि अपराधियों के मन में पुलिसिया इकबाल का डर एकदम खत्म ही हो गया है।
एक ओर जहां जनपद के पुलिस अधीक्षक सभाराज कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखने का ढिंढोरा पीटते नही थके रहे हैं वहीं दूसरी ओर चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि दरगाह थाने से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित एक ज्वैलरी की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने दुकान का शटर काट कर लूटपाट की। आपको बता दें कि जनपद बहराइच के थाना दरगाह शरीफ से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित राजलक्ष्मी ज्वेलर्स एवं बर्तन शॉप का ताला काटकर चोरों ने दूकान में रखे लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।
ज्वेलरी शॉप के मालिक आदित्य सिंह ने बताया की आज सुबह दुकान के सामने स्थित एक होटल संचालक ने उनको फोन करके बताया की उनकी दुकान का ताला कटा हुआ है और शटर उठा हुआ है। जब पीड़ित दुकान पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए, चोर उनकी दुकान में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ़ कर चुके थे। घटना की सूचना जब पुलिस को मिली तो आनन फानन में मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्कायड को बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट ऋषि कुमार ने बताया की मौके से कुछ फिंगरप्रिंट मिले हैं जिसकी जांच की जा रही है और अन्य जानकारियां भी इकट्ठी की गयी हैं। इस मामले में थानाध्यक्ष दरगाह रामजी यादव का कहना है की घटना की जांच की जा रही है, पुलिस जल्द ही इस घटना का खुलासा कर देगी। लेकिन पूरे मामले में सवाल ये उठता है की बहराइच के पुलिस अधीक्षक सभाराज कई मौकों पर कानून व्यवस्था के चुस्त दुरुस्त होने का दावा करते रहते हैं लेकिन जब थाने से महज 50 कदम की दूरी पर ही चोरी करते समय चोरों को कोई खौफ नहीं था तो पुरे शहर का क्या हाल होगा?
