पवन परूथी/ गुलशन परूथी, मंदसौर (मप्र), NIT;
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंदसौर से बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जिस दिन कांग्रेस की सरकार बनेगी उसके दस दिन के अन्दर किसानों का कर्जा माफ होगा। राज्य में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाला है और ऐसे राहुल की इस रैली को चुनावी बिगुल की तरह देखा जा रहा है।
मध्यप्रदेश के मंदसौर में किसानों पर हुई गोलीबारी की पहली बरसी पर पिपलियामंडी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी और बीजेपी की राज्य सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि इन सरकारों के दिलों में किसानों के लिए कोई जगह नहीं है। राहुल ने कहा, ‘केंद्र और राज्य में बैठी भाजपा की मौजूदा सरकारों के लिए देश के उद्योगपतियों का तो महत्व है, मगर करोड़ों किसानों का उनके लिए कोई महत्व नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। जिन लोगों ने मंदसौर में किसानों पर गोली चलाई है। उन पर मामले दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले राहुल गांधी ने मंदसौर में पिछले साल पुलिस फायरिंग में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। पिछले साल आज ही के दिन पिपलिया मंडी में फायरिंग हुई थी।
