वी.के.त्रिवेदी, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT;
इंडो नेपाल बार्डर पर स्थित उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में बीती रात दो अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों के संदिग्ध हालात में लाशें बरामद होने से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
कोतवाली गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के अलीगंज रोड पर कालीचरणपुर के आगे जंगल में लगभग 19 वर्षीय युवक का शव फांसी पर लटकता मिला है। शव के पैर जमीन से सटे हुये मिलने से लोगों के द्वारा हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त करते हुये चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं मृतक रोहित के परिजनों ने रोहित की किसी से दुश्मनी होने से साफ इंकार किया है।
जबकि दूसरी घटना में जनपद खीरी के ही पलिया कलां में पलिया चीनी मिल के सामने मोहल्ला ढ़ाकिन में बीती रात में एक ही परिवार के तीन लोंगो की गला दबा कर रस्सी से बांध कर हत्या कर दी गयी। पलियाकलां से एक साथ तीन शव मिलना बड़ी घटना है। इस घटना की जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज पलियाकलां, कोतवाली प्रभारी पलिया दीपक शुक्ला, सी.ओ. प्रदीप कुमार यादव तुरंत मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक रामलाल वर्मा, एडिशनल एस.पी. घनश्याम चौरसिया अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जय प्रकाश शर्मा ट्रक बाडी बनाने का काम करता था उसका किसी से किसी भी प्रकार का विवाद नहीं था। वह ढाकिन मुहल्ला में हाजी रसूल अहमद के मकान में किराये पर रहता था। हाजी रसूल अहमद पलिया के मोहल्ला माहिगिरान समर्थित मकान में लगभग 10 वर्षो से मकान मे किराए पर रहता था।
जानकारी के अनुसार बीती रात में जय प्रकाश शर्मा उम्र 42 पुत्र श्री कृष्ण ,श्रीमती सीनू शर्मा 36 पत्नी जयप्रकाश शर्मा व ओम शर्मा उम्र 8 वर्ष पुत्र जयप्रकाश तीनों लोग मृत पाए गए। जयप्रकाश को रस्सी से बांधकर बरामदे की छत में कुंड से लटका दिया गया। कमरे में श्रीमती सीनू शर्मा की गला दबाकर कर हत्या की गई, वह चारपाई पर मृत मिली। पास के दूसरे कमरे में 8 वर्षीय ओम शर्मा भी बेड पर मृत मिला। इस परिवार में चार वर्षीय गुन्नू नाम का बालक जय प्रकाश का बेटा जीवित बच गया, वह इस समय पुलिस की कस्टडी में है।
पुलिस अधीक्षक राम लाल वर्मा ने बताया कि जयप्रकाश, श्रीमती सीनू शर्मा तथा ओम शर्मा मृत पाये गये हैं। पुलिस अधीक्षक खीरी ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सही जानकारी मिलेगी कि यह हत्या है, आत्महत्या या लूट है। इस घटना का अनावरण बहुत जल्दी कर दिया जाएगा। घटनास्थल पर तहसीलदार अनिल कुमार यादव भी पहुंचे जबकि सी.ओ. प्रदीप कुमार यादव पहले से ही वहां मौजूद थे। एस डी एम अखिलेश यादव ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। जिला खीरी की फोरेन्सिक टीम में विमल कुमार श्रीवास्तव, अमित अवस्थी एवं सुमित पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने भी जांच के नमूने लिये है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौतों से पलिया के लोग हतप्रभ हैं।
