अविनाश द्विवेदी, कटनी (मप्र), NIT;
गतदिवस शनिवार को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री श्री संजय सत्येन्द्र पाठक, विजयराघवगढ़ विधानसभा अंतर्गत ग्राम बंजारी पहुंचे। ग्राम पंचायत बंजारी के ग्राम मझगवां में राज्यमंत्री ने 8 लाख की लागत से बनने जा रहे सामुदायिक भवन- बारात घर का जहां भूमि-पूजन किया। वहीं ग्राम पंचायत बंजारी के लिये यात्री प्रतीक्षालय की सौगात भी दी। उन्होने कहा कि ग्राम पंचायत बंजारी में 4 लाख रुपये की लागत से यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जायेगा। इसकी स्वीकृति जारी की जा चुकी है। ग्राम पंचायत में बंद पड़े हैंडपम्पों को अपने व्यय पर दुरुस्त करने की बात भी राज्यमंत्री श्री पाठक ने कही।
इसके बाद राज्यमंत्री ने बंजारी ग्राम में स्थित हजरत स्याह पोश बाबा की दरगाह में प्रतिवर्ष होने वाले उर्स के संबंध में कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। जिसमें दरगाह कमेटी के सदस्यों व क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों के बीच उर्स के आयोजन के संबंध में चर्चा हुई। जिसमें भव्यता के साथ उर्स का आयोजन पर विमर्श करते हुये सहमति जताई गई। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी राज्यमंत्री ने संबंधितों को दिये। इस दौरान दरगाह के सदर शहजाद हुसैन, एड्वोकेट नूर मोहम्मद सिद्धिकी और ग्राम पंचायत सरपंच सुशील साहू सहित अन्य संबंधित गणमान्यजन उपस्थित थे।
