Edited by Sabir Khan;
लखनऊ, NIT;
उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा के लिए खतरे की घंटी बज गई है। जी हां यह खतरा किसी और से नहीं बल्कि बीजेपी सांसद महंत योगी आदित्यनाथ के संगठन हिन्दू युवा वाहिनी से पैदा होने जा रहा है क्योंकि उसने बीजेपी के खिलाफ बगावत का अलम बुलंद करते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने का एलान कर चुकी है।
मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी सांसद महंत आदित्यनाथ के संगठन हिन्दू युवा वाहिनी ने पूर्वांचल में बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है। संगठन ने बीजेपी पर योगी आदित्यनाथ की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। हिंदू युवा वाहिनी ने पूर्वांचल की सभी सीटों पर बीजेपी के खिलाफ चुनाव में उतरने का एलान किया है। योगी आदित्यनाथ के संगठन हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह ने इस बाबत एक बैठक की है और अपने समर्थकों और उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का एलान किया है।
सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में संगठन के उम्मीदवारों को टिकट न मिलने से संगठन नाराज़ है। वह आने वाले विधानसभा चुनावों में योगी आदित्यनाथ को बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग पर अड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार हिन्दू युवा वाहिनी के लोग बीजेपी के प्रति नहीं बल्कि योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना समर्थन जताते हैं। यह संगठन पूर्वांचल में काफी सक्रिय है, इसी वजह से इस क्षेत्र में योगी आदित्यनाथ का दबदबा भी कायम है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने इसी महीने 27 सदस्यों की प्रदेश चुनाव कमेटी बनाई थी जिसमें राजनाथ सिंह से लेकर कलराज मिश्र जैसे केंद्रीय मंत्री शामिल हैं लेकिन इस लिस्ट से योगी आदित्यनाथ का नाम नहीं था, जबकि कमेटी में दूसरी पार्टियों से आने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य, रीता बहुगुणा आदि का नाम भी शामिल था।
योगी आदित्यनाथ को पूर्वांचल में बीजेपी के सबसे बड़ा चेहरा जाना जाता है। वह 1998 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। ऐसे में युवा वाहिनी की बगावत बीजेपी के लिए मुश्किलें खडी कर सकती है और उसमें विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों से हाथ धोना पड सकता है।
