अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जमुई के चकाई स्थित निर्माणाधीन अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड के एथेनॉल प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्य की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार प्लांट में मार्च 2027 तक उत्पादन शुरू होने की संभावना है।
करीब 105 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे इस प्लांट की उत्पादन क्षमता 1000 किलोलीटर प्रतिदिन होगी। परियोजना में 20 मेगावाट की कैप्टिव पावर जेनरेशन सुविधा भी प्रस्तावित है। प्लांट के संचालन के लिए प्रतिदिन करीब 30 हजार क्विंटल अनाज की आवश्यकता होगी। इससे स्थानीय किसानों को उनकी उपज के लिए बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जमुई में अंकुर स्टील, अंकुर बायोकेम, सीएलएम डेवलपर्स और अंकुर ट्रेडविस्टा समेत विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से करीब 3400 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की जानकारी दी गई।
चकाई में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए करीब 9 हजार एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को 10 से 12 दिनों में जमीन की मैपिंग तथा 30 अक्टूबर तक इसका पूरा ब्यौरा तैयार करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने लछुआर मंदिर और गरही डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, जिले में पुलिसिंग व्यवस्था मजबूत करने, सड़कों की निगरानी बढ़ाने तथा रोप-वे की आवश्यकता का आकलन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिहार को उद्योग और स्किल का हब बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

