बाग उमराव दूल्हा अंडरब्रिज बंद होने से बढ़ेगी परेशानी, 90 डिग्री ब्रिज दो पहिया वाहनों के लिए खोलने की उठी मांग | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:


राजधानी भोपाल के बाग उमराव दूल्हा स्थित अंडरब्रिज को 3 अक्टूबर से मेट्रो रेल कार्य के चलते बंद किए जाने की सूचना के बाद क्षेत्रवासियों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस संबंध में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला संगठन सचिव पिछड़ा वर्ग विभाग मो. शावर (जावेद) सहित कांग्रेसी नेताओं ने भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के परियोजना निदेशक को ज्ञापन सौंपकर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि बाग उमराव दूल्हा का अंडरब्रिज क्षेत्र के हजारों रहवासियों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसके बंद होने से स्कूली छात्र-छात्राओं, कामकाजी लोगों, बुजुर्गों और स्थानीय व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पहले से ही पुल बोगदा की ओर जाने वाला एक रास्ता बंद होने के कारण यातायात प्रभावित है।

बाग उमराव दूल्हा अंडरब्रिज बंद होने से बढ़ेगी परेशानी, 90 डिग्री ब्रिज दो पहिया वाहनों के लिए खोलने की उठी मांग | New India Times


कांग्रेसी नेताओं ने मांग की है कि पुल बोगदा से जिसिं  बरखेड़ी की ओर जाने वाले मार्ग को भी वैकल्पिक रूप से दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए सुचारू किया जाए, ताकि अंडर ब्रिज बंद होने के बाद लोगों को लंबा चक्कर न लगाना पड़े और चौराहों पर जाम की स्थिति से भी राहत मिल सके।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ऐशबाग की मुख्य सड़क, जो अंडर ब्रिज से होते हुए बाग फरहत अफजा, जनता क्वार्टर और ऐशबाग थाने के सामने से निकलती है, वर्तमान में वह भी जर्जर स्थिति में है। कांग्रेस नेताओं ने इस सड़क को भी दुरुस्त कराने की मांग की है। आप को बता दें कि, इस के पास ही इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम भी स्थित है।

कांग्रेस नेताओं ने जनहित को देखते हुए मांग की कि अंडर ब्रिज बंद रहने की अवधि में 90 डिग्री ब्रिज को कम से कम दोपहिया वाहनों के लिए खोल दिया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।

ज्ञापन में कलेक्टर भोपाल, नगर निगम आयुक्त तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि भेजी गई है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.