वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

मैगलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धर्माखेड़ा निवासी मनजीत कौर ने अपने दो मासूम बच्चों के हक और भविष्य की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन के सामने आमरण अनशन शुरू किया है। पीड़िता का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उसकी सुध नहीं ली है।
मनजीत कौर पत्नी तरसेम सिंह का आरोप है कि उसके ससुर सुरजीत सिंह ने कूटरचित तरीके से उसके पति तरसेम सिंह से चार एकड़ उपजाऊ भूमि रिश्तेदारों के नाम स्थानांतरित करा ली। पीड़िता का यह भी आरोप है कि इसके बाद उसके पति को घर से बाहर कर दिया गया। अब ससुराल पक्ष द्वारा उसे और उसके दो बच्चों को भी घर से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता का कहना है कि उसने मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन जब कोई समाधान नहीं हुआ तो वह जिला मुख्यालय पहुंचकर आमरण अनशन पर बैठ गई। उसका कहना है कि वह अपने बच्चों के अधिकार और आवास की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
पीड़िता के मुताबिक, तीन दिनों से अनशन जारी रहने के बावजूद प्रशासन की ओर से उसकी समस्या सुनने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। मामले को लेकर पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर उसे और उसके बच्चों को न्याय दिलाने तथा उनके अधिकारों की रक्षा किए जाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता की शिकायत का समाधान कब तक हो पाता है।

